झाबुआ जिले के राणापुर नगर परिषद क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्थानीय व्यापारी माणक राठौर ने राणापुर थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उनके यहां से लगभग 160 क्विंटल चांदी और 1 किलो सोना चोरी हो गया है।

मामले की जानकारी मिलने पर जब थाना प्रभारी दिनेश रावत से मोबाइल पर चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। रिपोर्ट दर्ज होने के पश्चात पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और विस्तृत खुलासा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी मात्रा में चांदी और सोने की चोरी का मामला पुलिस के लिए एक बड़ा चैलेंज है।

बाजार में तेजी के बीच पहली बड़ी शिकायत

जानकारी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना और चांदी के भाव में लगातार वृद्धि के बाद झाबुआ जिले में इस प्रकार की बड़ी चोरी की यह पहली रिपोर्ट बताई जा रही है। मामले ने व्यापारिक वर्ग के साथ-साथ आम नागरिकों में भी चर्चा का विषय बना दिया है।

जांच के घेरे में कई सवाल

स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि इतनी अधिक मात्रा में चांदी के जेवरात आखिर कहां से और कैसे संग्रहित किए गए थे। एक क्विंटल से अधिक चांदी की उपलब्धता और उसकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद ही वास्तविक स्थिति और तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

न्यूज़ सोर्स : भास्कर करोंद संदेश समाचार झाबुआ | विशेष संवाददाता – शाबीर मंसूरी