कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने स्कूली बच्चों के साथ मनाया गणतंत्र दिवस, झाबुआ में विशेष भोज का आयोजन
प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत शासकीय कन्या हाई स्कूल बुनियादी झाबुआ में विशेष भोज का आयोजन
झाबुआ, 26 जनवरी 2026। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह के पश्चात कलेक्टर नेहा मीना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह शासकीय कन्या हाई स्कूल बुनियादी झाबुआ पहुंचे। विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं द्वारा हस्तनिर्मित सामग्री भेंट कर मुख्य अतिथियों का आत्मीय एवं उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ विद्यालय परिसर में माँ सरस्वती के विधिवत पूजन के साथ किया गया। इसके उपरान्त कलेक्टर नेहा मीना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह द्वारा विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश दिया गया। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। कलेक्टर ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे संविधान, अधिकारों एवं कर्तव्यों का स्मरण कराने वाला पर्व है। उन्होंने छात्राओं से अनुशासन, परिश्रम एवं आत्मविश्वास के साथ अध्ययन कर आत्मनिर्भर बनने तथा समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह ने भी छात्राओं को जीवन में अनुशासन, नियमों के पालन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना (पूर्व में मध्यान्ह भोजन योजना) का शुभारम्भ 15 अगस्त 1995 को किया गया था। योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय पर्वों के अवसर पर मुख्य अतिथियों द्वारा विद्यार्थियों के साथ भोजन ग्रहण कर पर्व मनाने की परंपरा रही है। इसी क्रम में गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा छात्राओं के साथ मध्यान्ह भोजन ग्रहण किया गया। इस दौरान छात्राओं द्वारा मुख्य अतिथियों के हाथों में रक्षासूत्र बांधा गया, जिससे कार्यक्रम में स्नेह, अपनत्व एवं सौहार्द का भाव परिलक्षित हुआ। संपूर्ण कार्यक्रम उत्साहपूर्ण, प्रेरणादायी एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।
शिव से प्रेरणा लेकर काम करती है भारतीय सेना: कोयंबटूर में बोले राजनाथ सिंह
सिंगरौली में भीषण सड़क हादसा, 2 बाइकों की भयंकर टक्कर में 3 लोगों की मौत
राजिम कुंभ कल्प में महाशिवरात्रि पर आस्था, परंपरा और शौर्य का दिखा अद्भुत संगम
राजिम कुंभ कल्प छत्तीसगढ़ की अस्मिता और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
ब्रेकिंग : छत्तीसगढ़ में इस दिन से शुरू होगा विधानसभा का बजट सत्र, वित्त मंत्री ओपी ने कहा- नई थीम और नए विजन के साथ आएगा बजट