भोपाल: चौथी मंजिल से लिफ्ट गिरने का हादसा, पत्रकार संगठन के कई पदाधिकारी घायल

भोपाल। राजधानी भोपाल के एमपी नगर क्षेत्र में मंगलवार रात एक गंभीर हादसा सामने आया, जहां एक इमारत की चौथी मंजिल से लिफ्ट अचानक नीचे गिर गई। इस दुर्घटना में मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के कई पदाधिकारी घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मजदूर दिवस (1 मई) के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों के तहत संगठन के पदाधिकारी एमपी नगर स्थित एक कार्यालय से होर्डिंग डिजाइन का कार्य पूर्ण कर लौट रहे थे। इसी दौरान सभी लोग चौथी मंजिल से लिफ्ट के माध्यम से नीचे उतरने लगे, तभी लिफ्ट खुली अवस्था में अचानक नीचे गिर गई।

लिफ्ट में संघ के संयोजक रिजवान अहमद सिद्दीकी, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मुख्यालय प्रभारी दिलीप सिंह भदौरिया, प्रदेश महासचिव सुनील त्रिपाठी, महिला प्रकोष्ठ संयोजक अनीता चौबे, सह-संयोजक प्रगति सक्सेना, सादिया खान तथा सहायक सत्यप्रकाश मौजूद थे।

हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को सुशील अग्रवाल की सहायता से सेज अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि वरिष्ठ पत्रकार रिजवान अहमद को नर्मदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनके पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है।

घायलों में सुनील त्रिपाठी को अधिक चोटें आई हैं, जबकि दिलीप भदौरिया के पैर, अनीता चौबे के घुटने और प्रगति सक्सेना के पेट में गंभीर चोटें बताई जा रही हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही एमपी नगर थाना प्रभारी जय हिंद शर्मा नर्मदा अस्पताल पहुंचे और घायल पत्रकारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।

गौरतलब है कि इस हादसे के बावजूद सभी पदाधिकारियों का मनोबल मजबूत है और उन्होंने 1 मई को होने वाले आयोजन में शामिल होने का संकल्प व्यक्त किया है।

— मोईन खान
महासचिव
मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ, भोपाल जिला इकाई

न्यूज़ सोर्स : Moin Khan