चेन्नई जाने से पहले मौत ने घेरा: कासिमाबाद मार्ग पर सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की जान गई।
गाजीपुर: जनपद के कासिमाबाद कोतवाली अंतर्गत कासिमाबाद-गाजीपुर मार्ग पर स्थित बहरामपुर काली मंदिर के समीप बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका मित्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के पश्चात बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
प्रभारी निरीक्षक राज नारायण ने बताया कि गंगौली निवासी लालचन राजभर उर्फ नागा राजभर ने रात करीब 10 बजे पुलिस को जानकारी दी कि उनका 22 वर्षीय पुत्र ओमप्रकाश राजभर किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से लहूलुहान होकर पड़ा है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कासिमाबाद पहुंचाया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे में घायल उसका साथी नीतीश (निवासी सहाबुद्दीनपुर) फिलहाल उपचाराधीन है। बताया जा रहा है कि नीतीश के बुलावे पर ही ओमप्रकाश रात में बाइक लेकर घर से निकला था, तभी रास्ते में वह अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया।
परिजनों ने बताया कि ओमप्रकाश छह भाइयों में पांचवें स्थान पर था और चेन्नई में नौकरी करता था। वह एक माह पूर्व ही घर आया था और गुरुवार को उसे वापस चेन्नई जाना था, जिसके लिए टिकट भी बुक था। घर से विदाई की तैयारियों के बीच इस हादसे ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश जारी है।
बंगाल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, चुनावी माहौल में बढ़ी गर्मी
शहर को साफ और स्वस्थ बनाने के लिए नया मिशन शुरू
VIT कैंपस में बुखार का प्रकोप, टाइफाइड के मामले बढ़े
ग्लोबल जॉब मार्केट पर असर, H-1B नियमों में बदलाव की चर्चा
घर में ही खेला गया ‘डकैती’ का ड्रामा, पुलिस ने खोली पोल
स्कार्फ से टॉप तक, आसान तरीके से बनाएं नया आउटफिट