15 साल के खिलाड़ी ने किया कमाल, हर कोई कर रहा तारीफ
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार से लेकर ध्रुव जुरेल तक ने वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की। जुरेल ने कहा कि जब वैभव क्रीज पर होते हैं तो खेल बेहद आसान नजर आता है। यही वजह है कि टीम के बाकी बल्लेबाज भी खुलकर खेलने का भरोसा जुटा लेते हैं। उन्होंने माना कि वैभव की पावरप्ले में मौजूदगी ही विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बना देती है, चाहे सामने जसप्रीत बुमराह, जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार जैसे विश्वस्तरीय गेंदबाज ही क्यों न हों। आईपीएल में शुक्रवार को राजस्थान ने बेंगलुरु को हराकर अपना विजयी अभियान जारी रखा, जबकि आरसीबी का विजयी अभियान रुक गया।
'कुछ हो ही नहीं रहा' जैसा लगता है खेल
जुरेल ने साफ कहा कि वैभव की बल्लेबाजी देखने पर ऐसा लगता है कि पिच पर कुछ खास हो ही नहीं रहा। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि सिर्फ मुझे ही नहीं, बल्कि सभी को वैभव की बल्लेबाजी पसंद आई होगी। जब वह बल्लेबाजी करते हैं और उनके साथ जायसवाल होते हैं, तो सब कुछ बहुत आसान लगता है। उन्हें देखकर लगता है कि पिच पर कुछ हो ही नहीं रहा है, इसलिए हम भी अपने शॉट खेलने की कोशिश कर सकते हैं।'
सूर्यवंशी की ताकत पर हैरानी
वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी को लेकर जुरेल खुद भी हैरान नजर आए। उन्होंने कहा, 'ईमानदारी से कहूं तो उन्हें देखने के बाद भी समझ नहीं आता कि वह ऐसे कैसे शॉट मारते हैं। सच में, आप हैरान रह जाते हैं, कोई इस तरह कैसे खेल सकता है? लगता है कि हम भी उसी पिच पर बल्लेबाजी कर रहे हैं, फिर हमें ऐसा क्यों नहीं लगता?'
'उसे कुछ मत कहो, खेलने दो'
सूर्यवंशी को सलाह देने के सवाल पर जुरेल का जवाब साफ था। उन्होंने कहा, 'सबसे अच्छी बात यही है कि उसे कुछ मत कहो। उसे उसी तरह खेलने दो जैसे वह खेलता है। और हमें बहुत अच्छा लगता है कि वह हमारी टीम में है।' जुरेल का मानना है कि आज के टी20 में 200 रन का आंकड़ा वैभव जैसे खिलाड़ियों की वजह से आसान लगता है। उन्होंने कहा, 'जैसा मैंने पहले कहा, जब वैभव बल्लेबाजी करता है और पावरप्ले पार कर जाता है, तो हमारे लिए सब आसान हो जाता है।'
रियान पराग ने क्या कहा?
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने कहा, 'मुझे लगता है कि हर कोई उसे पसंद करता है। हर कोई चाहता है कि वह हमारे साथ रहे। उसे खाना-पीना बहुत पसंद है, बाहर घूमना भी अच्छा लगता है। इसलिए हम यह सुनिश्चित करते हैं कि उसे ये सब चीजें मिलती रहें। वह 16 साल का बच्चा है, 15 साल का, जो भी है। हां, वह बच्चों जैसी चीजें करता है और उसी में खुश रहता है। उसे बल्लेबाजी बहुत पसंद है, इसलिए हम यह भी सुनिश्चित करते हैं कि उसे भरपूर बल्लेबाजी करने का मौका मिले। और अगर वह इसी तरह बल्लेबाजी करता रहा, तो उसे जो भी चाहिए, वह मिलेगा।'
रजत पाटीदार ने क्या कहा?
आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने कहा, 'मुझे लगता है कि हमने पावरप्ले में जिस तरह शुरुआत की, शुरुआती विकेट लिए और वहां से 200+ रन तक पहुंचे, यह हमारे लिए एक सकारात्मक संकेत है। वहीं दूसरी तरफ, उनके बल्लेबाजों ने जिस तरह बल्लेबाजी की, खासकर वैभव सूर्यवंशी ने पावरप्ले में, उसने बहुत बड़ा फर्क पैदा किया।' इससे पहले जितेश शर्मा का वैभव के साथ एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें दोनों मस्ती मजाक करते दिख रहे हैं। इस वीडियो को सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है। वहीं, विराट कोहली ने भी मैच के बाद वैभव के लिए खास नोट लिखा।
सरकारी दफ्तर में दबंगई! CEO को धमकी देने पर मंत्री के भाई पर FIR दर्ज
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा: मंडीप खोल गुफा खुलने से बढ़ेगी रौनक
Paytm ग्राहकों के लिए अलर्ट: तुरंत करें ये 4 काम, वरना हो सकती है परेशानी
सीता नवमी कब मनाई जाएगी? जानिए पूजा का सही समय और धार्मिक महत्व
सूर्य गोचर का असर: मोहिनी एकादशी पर इन 4 राशियों को मिलेगा सुख-समृद्धि का वरदान
गली के मोड़ पर बना घर दे सकता है मुसीबतें, वास्तु में बताए गए हैं ये दोष
राशिफल 25 अप्रैल 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा