विशेष संवाददाता जावेद मंसूरी

डॉग स्क्वॉड ने 3 किमी दूर छिपे धड़ को खोजा, हत्या का केस दर्ज; वनग्राम में दहशत का माहौल

खंडवा जिले के खालवा थाना क्षेत्र के गदडियाखेड़ा वनग्राम में 62 वर्षीय आदिवासी बुजुर्ग का सिर कटा शव जंगल में बरामद हुआ। शनिवार रात खेत से लापता हुए झबरसिंग पिता मलकू का धड़ पत्तों के ढेर तले छिपा मिला, जबकि सिर गायब है। खेत की टपरी पर खून बहा पड़ा था और घसीटे जाने के निशान साफ दिखे। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।परिजनों ने बताया कि रविवार को बेटा झामसिंग खेत पर भोजन ले गया तो पिता नदारद थे। टपरी पर खून और घसीटने के निशान देखकर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी जगदीश सिंदिया ने पुलिस टीम व डॉग स्क्वॉड के साथ जंगल में छापा मारा। लगभग 3 किलोमीटर दूर घने जंगल में डॉग ने पत्तों तले छिपे धड़ को सूंघा।परिजनों ने कपड़ों से शव की तस्दीक की। मौके पर पंचनामा भरकर शव जिला अस्पताल भेजा गया, जहां पैनल से पोस्टमार्टम होगा। प्रभारी सिंदिया ने कहा, "प्रथम दृष्टया हत्या का मामला लग रहा है। सभी कोणों से जांच चल रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है, जल्द खुलासा होगा।" घटना से गांव में भय का आलम है।

वन विभाग की सघन तलाश बेकारखून व घसीटने के निशानों से वन्यजीव हमले की आशंका पर वन विभाग सक्रिय हुआ। सरमेश्वर वनपरिक्षेत्र अधिकारी मनीष पांडे की अगुवाई में सुरक्षाकर्मियों ने 2 किलोमीटर जंगल छाना, लेकिन कोई सुराग न मिला। पुलिस व वन विभाग संयुक्त रूप से मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटे हैं।

न्यूज़ सोर्स : विशेष संवाददाता जावेद मंसूरी